Type Here to Get Search Results !

परख सर्वेक्षण में यूपी देश के शीर्ष 10 राज्यों में, प्रदेश के सभी 75 जिलों में से 72 जिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया

Sir Ji Ki Pathshala

परख सर्वेक्षण में यूपी देश के शीर्ष 10 राज्यों में, प्रदेश के सभी 75 जिलों में से 72 जिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया

प्राइमरी कक्षाओं में दक्षता आधारित पढ़ाई पर फोकस कर यूपी ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 में पहली बार प्रदेश के कक्षा 3 के छात्रों का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक बेहतर रहा, जो अपने आप में उल्लेखनीय है। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 का आयोजन पिछले वर्ष 04 दिसम्बर को किया गया था। इसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों में से 72 जिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश में कुल 8865 परिषदीय, राजकीय, शासकीय सहायता प्राप्त, निजी विद्यालय, अनुदानित मदरसा, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड व केन्द्रीय एवं नवोदय विद्यालयों के 2,53,720 विद्यार्थी इस सर्वेक्षण के हिस्सा बने। साथ ही 30,817 शिक्षकों ने भी इस सर्वेक्षण में भाग लिया। इस सर्वेक्षण में कक्षा 3 के छात्रों ने भाषा में औसतन 68 अंक और गणित में 64 अंक प्राप्त किए, जबकि राष्ट्रीय औसत क्रमशः 64 और 60 रहा। यह प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था अब गुणवत्ता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट बताती है कि कक्षा 3 में कासगंज, शामली, औरैया, अम्बेडकरनगर और महोबा जैसे जनपदों ने सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 6 में भी प्रदेश ने मजबूती दिखाई है।

"परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि जब नीति, नियोजन और निष्पादन में संतुलन होता है, तो बड़े से बड़ा राज्य भी शिक्षा में बदलाव की मिसाल बन सकता है।"

— संदीप सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री

Tags