नवाचार के लिए इंस्पायर योजना में आवेदन आज से, पहली बार 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
लखनऊ। केंद्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (एनआईएफ) की इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना के लिए आज रविवार 15 जून 2025 से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके तहत इस बार नवाचारों की गुणवत्ता बढ़ाने और अधिक विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
योजना के संचालन की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को सौंपी गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अब तक योजना में कक्षा 6 से 10 तक के छात्र ही भाग लेते थे, लेकिन पहली बार 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ छात्रों के नवाचार व्यावहारिक उपयोग के दृष्टिकोण से अधिक कारगर हो सकते हैं।
- योजना में चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है।
- अंतिम चरण तक चयन होने पर विदेश यात्रा का अवसर भी मिलता है।
परिषदीय व संस्कृति विद्यालयों को भी जोड़ने के निर्देश
इस बार संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों और कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय विद्यालयों को भी योजना में सम्मिलित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसए और डीआईओएस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करें।
अलग डाटा तैयार होगा
11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के चयनित नवाचार मॉडलों का अलग डाटा तैयार किया जाएगा। सभी राजकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यार्थियों को नवाचार की दिशा में प्रेरित करें और समुचित मार्गदर्शन दें।
"मंडल के सभी जिलों में निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि इस बार पिछली बार से अधिक छात्रों का नामांकन हो। आवेदन प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।"
- डॉ. प्रदीप कुमार, जेडी, माध्यमिक लखनऊ मंडल
आवेदन का तरीका
- छात्र सबसे पहले अपने विद्यालय से संपर्क करें।
- वेबसाइटः https://inspireawards-dst.gov.in
- 150 शब्दों में नवाचार आइडिया पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।
- नवाचार का विषय स्पष्ट होना चाहिए।


Social Plugin