Type Here to Get Search Results !
ADVERTISEMENT

12,344 पदों पर होगी भर्ती: 7,994 पदों पर लेखपाल भर्ती का प्रस्ताव राजस्व परिषद ने भेजा

Sir Ji Ki Pathshala

12,344 पदों पर होगी भर्ती: 7,994 पदों पर लेखपाल भर्ती का प्रस्ताव राजस्व परिषद ने भेजा

लखनऊ, राजस्व विभाग में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल व कनिष्ठ सहायक के रिक्त पद जल्दी भर जाएंगे। नायब तहसीलदार, लेखपाल व कनिष्ठ सहायकों के पदों पर भर्तियों के लिए संबंधित भर्ती आयोगों को अधियाचन भेज दिया गया है। तहसीलदारों के लगभग रिक्त 300 पदों को पदोन्नति से भरा जाएगा। राजस्व परिषद की तरफ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेजे गए अधियाचनों में सर्वाधिक 7,994 पद लेखपाल और 1,756 कनिष्ठ सहायकों के हैं।

Recruitment

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो सप्ताह पहले हुई राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में सभी रिक्त पदों को जल्दी भरने के निर्देश दिए थे। उन्होंने राजस्व विवादों के शीघ्र निस्तारण के लिए सभी रिक्त पदों की जानकारी भी अधिकारियों से ली थी। राजस्व विभाग के सूत्रों के अनुसार वर्तमान में तहसीलदारों के करीब 300 रिक्त पदों को भरने के लिए पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नायब तहसीलदार के 258 पदों पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2023 24 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजा जा चुका है। इसके अलावा 67 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजने को लेकर फाइल तैयार की जा रही है। वहीं नायब तहसीलदारों के 47 पदों को सबंधित कर्मचारियों की पदोन्नति से भरा गया है। कनिष्ठ सहायक (कलेक्ट्रेट अधिष्ठान) के 1,687 व कनिष्ठ सहायक (मंडल) के 69 पदों को भरने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक (कलेक्ट्रेट अधिष्ठान) के 1,150 व कनिष्ठ सहायक (मंडल) के 56 पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस संदर्भ में विज्ञापन भी प्रकाशित किया जा चुका है।

आयुष विभाग ने 4,350 पदों पर नियुक्ति के लिए भेजे अधियाचन

राज्य ब्यूरो, जागरण लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद आयुष विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आयुर्वेद, होम्योपैथ व यूनानी चिकित्सा में रिक्त पड़े 4350 पदों पर ये भर्तियां होनी हैं। लेक्चरर, प्रोफेसर, रीडर, चिकित्साधिकारी (एमओ), उप चिकित्साधिकारी, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, औषधि नियंत्रक आदि के रिक्त पद जल्दी भरे जाएंगे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजे गए हैं।

आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि रिक्त पदों में से कुछ पद पदोन्नति से भरे जाएंगे। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने समस्त रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर भर्ती किए जाने के निर्देश दिए थे। सीएम के निर्देशों के क्रम में निदेशक, उप निदेशक, प्राचार्य, प्रोफेसर, लेक्चरर, चिकित्साधिकारी, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, मैटून, रीडर के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वर्तमान में आयुर्वेद चिकित्सा सेवा में 7,233 स्वीकृत पदों में से 3,025 पद रिक्त हैं। यूनानी चिकित्सा सेवा में कुल 462 स्वीकृत पदों में से 161 पद रिक्त हैं। वहीं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा में 3,818 स्वीकृत पदों में से 1,164 पद रिक्त हैं। आयुष विभाग के निदेशक मानवेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्साधिकारी, लेक्चरर, रीडर पदों के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग तथा फार्मसिस्ट, स्टाफ नर्स जैसे पदों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजे गए हैं। सरकार ने आयुष चिकित्सा सेवा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नए कालेज खोलने के साथ ही पाठ्यक्रम विस्तार और डिजिटल हेल्थ सुविधाएं बढ़ाने जैसे कई प्रयास किए हैं। सरकार आयुष सेवाओं को नवाचार से जोड़ने का प्रयास भी कर रही है।

Top Post Ad

ADVERTISEMENT

Bottom Post Ad

ADVERTISEMENT