जौनपुर, 29 जुलाई 2026: जनपद जौनपुर में 'वृक्षारोपण अभियान-2026' की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी जौनपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन विभागों ने अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों एवं स्थलों की जियो-टैगिंग (Geo-tagging) का कार्य अभी तक पूरा नहीं किया है, उन विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जुलाई 2026 का वेतन जियो-टैगिंग पूर्ण होने तक आहरित नहीं किया जाएगा।
जारी आदेश में बताया गया है कि 29 जुलाई 2026 की समीक्षा बैठक के दौरान यह पाया गया कि कई विभागों द्वारा वृक्षारोपण तो किया गया, लेकिन उसकी जियो-टैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं किया गया है। कई स्थानों पर यह कार्य अभी भी लंबित या अधूरा है, जिससे अभियान की निगरानी और सत्यापन प्रभावित हो रहा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वृक्षारोपण अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में जियो-टैगिंग का कार्य अधूरा रहना गंभीर लापरवाही माना जाएगा। इसलिए जिन विभागों में यह कार्य लंबित है, उनके संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जुलाई माह का वेतन तब तक जारी नहीं होगा, जब तक संबंधित विभाग 100 प्रतिशत जियो-टैगिंग पूर्ण होने का क्लियरेंस सर्टिफिकेट (Clearance Certificate) प्रस्तुत नहीं कर देता।
यह आदेश उच्च शिक्षा, पर्यावरण, राजस्व, प्राविधिक शिक्षा, ऊर्जा, नगर विकास, पशुपालन, लोक निर्माण, कृषि, सहकारिता, बेसिक शिक्षा सहित विभिन्न विभागों पर लागू होगा। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जियो-टैगिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस सख्त फैसले से वृक्षारोपण अभियान की निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जा सकेगा।
