Search Suggest

माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम 2026-27 जारी, जुलाई से मार्च तक हर माह होगा ऑनलाइन उन्मुखीकरण

उत्तर प्रदेश में Mother Orientation Program 2026-27 का वार्षिक कार्यक्रम जारी। जुलाई 2026 से मार्च 2027 तक हर माह ऑनलाइन बैठक, देखें पूरी समय-सारिणी

उत्तर प्रदेश के समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्री-प्राइमरी शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मदर ओरिएंटेशन (माता उन्मुखीकरण) कार्यक्रम 2026-27 का वार्षिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस संबंध में 16 जुलाई 2026 को राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों (बेसिक), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों (प्रशिक्षण), जिला कार्यक्रम अधिकारियों तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।

Mother Orientation Schedule 2026

विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जुलाई 2026 से मार्च 2027 तक प्रत्येक माह के निर्धारित दिन सुबह 11:00 बजे यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन मदर ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों का उद्देश्य माताओं को बच्चों के प्रारंभिक सीखने, स्वास्थ्य, भाषा विकास, खेल आधारित गतिविधियों तथा विद्यालयी तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि घर और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्य

• माताओं को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में सक्रिय भागीदार बनाना।
• घर पर बच्चों के सीखने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना।
• बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना।
• खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना।
• कक्षा-1 में प्रवेश से पूर्व बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार करना।

प्रत्येक माह का विषय एवं तिथि

विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक माह अलग-अलग विषयों पर ऑनलाइन उन्मुखीकरण किया जाएगा—

21 जुलाई 2026स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित आदतें
19 अगस्त 2026घर पर सरल खेल और रचनात्मक गतिविधियाँ
23 सितंबर 2026दैनिक जीवन में गणित की समझ
21 अक्टूबर 2026त्योहारों के माध्यम से सीखना और भावनात्मक जुड़ाव
25 नवंबर 2026घर पर भाषा विकास : बातचीत, कहानी और गीत
23 दिसंबर 2026मौसम के अनुसार स्वास्थ्य और दिनचर्या
20 जनवरी 2027गतिविधियों के माध्यम से सीखना
24 फरवरी 2027रोजमर्रा के जीवन से रचनात्मकता का विकास
24 मार्च 2027कक्षा-1 के लिए औपचारिक तैयारी

सभी ऑनलाइन सत्र प्रातः 11:00 बजे आयोजित किए जाएंगे।

संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित रहें तथा अपने स्तर से अधिकतम माताओं की सहभागिता सुनिश्चित करें।

यूट्यूब लिंक अलग से किया जाएगा साझा

समग्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक ऑनलाइन सत्र का यूट्यूब लिंक अलग से साझा किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को निर्धारित समय पर उसी लिंक के माध्यम से सत्र में शामिल होना होगा।