Search Suggest

UP TGT-PGT भर्ती 2026 : अब हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी मिलेगा परीक्षा पाठ्यक्रम, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

उत्तर प्रदेश TGT PGT भर्ती 2026 में बड़ा बदलाव। अब परीक्षा पाठ्यक्रम हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी मिलेगा। 23,213 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होग

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में टीजीटी-पीजीटी भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव करने का फैसला लिया है। अब प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT), प्रवक्ता संवर्ग (PGT), प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षाओं का पाठ्यक्रम हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा में भी उपलब्ध कराया जाएगा।

UP TGT PGT Syllabus 2026

अब तक आयोग द्वारा जारी परीक्षा पाठ्यक्रम मुख्य रूप से हिंदी माध्यम में जारी किया जाता था, जिससे अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को तैयारी में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर CBSE, ICSE और अन्य अंग्रेजी माध्यम बोर्डों के छात्र लंबे समय से द्विभाषीय पाठ्यक्रम की मांग कर रहे थे।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया है। आयोग अब आगामी सभी भर्ती विज्ञापनों के साथ परीक्षा पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करेगा।

जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में रिक्त 23,213 पदों का विवरण आयोग को भेज दिया है। इनमें प्रधानाचार्य के 1502, पीजीटी के 2705, टीजीटी के 16,114 तथा सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राथमिक) के 1889 पद शामिल हैं।

शिक्षा निदेशालय द्वारा ई-अधियाचन पोर्टल पर रिक्त पदों की जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। आयोग इन पदों की समीक्षा के बाद जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी कर सकता है।

बताया जा रहा है कि नए परीक्षा पाठ्यक्रम में बदले हुए परीक्षा पैटर्न और विषयवस्तु को भी शामिल किया जाएगा। भर्ती विज्ञापन जारी होने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नया सिलेबस उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी समय रहते अपनी तैयारी शुरू कर सकें।